शुक्रवार, 2 जनवरी 2026

नथ गुलामी नहीं..! सौभाग्य और शक्ति का प्रतीक...

सत्य का अन्वेषण...✍🏻 हाल ही में मेरी भेंट एक परम आदरणीय और धर्म के प्रति समर्पित आधुनिक सनातनी स्त्री से हुई। उन्होंने मुझे बताया कि किसी के यह कहने पर कि "नथ गुलामी की निशानी है" उन्होंने इसे पहनना छोड़ दिया। यह सुनकर मुझे अत्यंत आश्चर्य और पीड़ा हुई कि कैसे हमारी गौरवशाली परंपराओं को गलत अर्थ देकर हमसे दूर किया जा रहा हैं। इसी भ्रांति को दूर करने और शास्त्रों के प्रकाश में नथ के वास्तविक महत्व को स्थापित करने के लिए मैंने यह लेख लिखा हैं। आइए नथ के बारे में विस्तार से जानते हैं...

शास्त्रों में नासिका आभूषण का वर्णन...📖
हमारे प्राचीन स्तोत्रों और ग्रंथों में देवी के सौंदर्य का वर्णन करते समय 'नथ' को विशेष स्थान दिया गया हैं। आदि शंकराचार्य द्वारा रचित 'सौंदर्य लहरी' और 'त्रिपुरसुंदरी स्तोत्र' में इसका प्रत्यक्ष प्रमाण मिलता है:
नासिकावंशमुक्ताभिः शुक्तिभिः सदृशप्रभाम्।
तव नासामणेः शोभां वर्णयामि कथं शिवे॥
(हे शिवे! आपकी नासिका के मोती की शोभा का वर्णन मैं कैसे करूँ, जिसकी कांति अत्यंत दिव्य है।)
यह श्लोक सिद्ध करता है कि नथ कोई आधुनिक या बाहरी प्रभाव नहीं..! बल्कि प्राचीन काल से ही शक्ति की उपासना का अंग रही हैं।

आयुर्वेद का वैज्ञानिक रक्षा कवच...🩺
महर्षि सुश्रुत, जिन्हें शल्य चिकित्सा (Surgery) का जनक माना जाता है, उन्होंने 'सुश्रुत संहिता' में शरीर के मर्म बिंदुओं का वर्णन किया हैं। नासिका भेदन केवल परंपरा नहीं, बल्कि एक सूक्ष्म चिकित्सा पद्धति हैं...
 प्रजनन तंत्र की सुरक्षा आयुर्वेद के अनुसार, नासिका का बाईं ओर का हिस्सा महिला के प्रजनन अंगों से जुड़ा होता हैं। यहाँ स्वर्ण धारण करने से गर्भाशय स्वस्थ रहता हैं।
 मासिक धर्म और प्रसव में सुगमता यह एक महत्वपूर्ण एक्यूप्रेशर बिंदु हैं। इसे छिदवाने से मासिक धर्म के समय होने वाली पीड़ा कम होती हैं और शिशु जन्म (प्रसव) के समय होने वाले कष्ट में भी प्राकृतिक रूप से कमी आती हैं।
 नाड़ी संतुलन स्वर्ण की नथ पहनने से महिला की इड़ा और पिंगला नाड़ियों में संतुलन बना रहता हैं, जो शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य हैं।

भक्ति साहित्य और श्री राधा रानी...
मध्यकालीन भारत के महान संतों और कवियों ने भगवान कृष्ण की शक्ति, श्री राधा रानी के श्रृंगार में 'बेसर' (नथ) का अत्यंत मोहक वर्णन किया हैं।
 * 'ब्रज विलास' और 'चैतन्य चरितामृत' जैसे ग्रंथों में राधा जी की नथ को उनके प्रेम और सौभाग्य का मुकुट माना गया हैं।
 * भक्त कवियों ने इसे 'अधर-सुधा' (होठों के अमृत) के समीप रहने वाला भाग्यशाली आभूषण कहा हैं। जो वस्तु ईश्वर के प्रेम का प्रतीक हो, वह गुलामी कैसे हो सकती हैं..?

नकेल और नथ का मौलिक अंतर...💡
तर्क दिया जाता हैं कि यह 'नकेल' का रूप हैं परंतु शास्त्र और शब्द विज्ञान इसे नकारते हैं...
 नकेल यह नियंत्रण के लिए नाक के बीच वाले कोमल हिस्से (Septum) को बेधकर डाली जाती हैं।
 नथ यह नासिका के पार्श्व (Side) भाग में पहनी जाती हैं, जिसे 'कौमार्य' और 'सौभाग्य' से जोड़ा गया हैं। यह बंधन नहीं..! बल्कि स्त्री के गौरवपूर्ण पद की प्रतिष्ठा हैं।

सोलह श्रृंगार और आध्यात्मिक ऊर्जा...💍
सनातन धर्म में 'सोलह श्रृंगार' केवल बाहरी सजावट नहीं..! बल्कि आंतरिक चक्रों को जागृत करने की विधि हैं।
 मानसिक शांति नथ पहनने से महिला की एकाग्रता बढ़ती हैं और मानसिक चंचलता पर नियंत्रण रहता हैं।
 स्वयं पर शासन यह स्वयं पर नियंत्रण (Self-control) की निशानी हैं, न कि किसी और के द्वारा नियंत्रित होने की...

निष्कर्ष...🚩
नथ हमारी सांस्कृतिक चेतना का गौरव हैं। यह हमारे पूर्वजों के ज्ञान, ऋषियों के विज्ञान और देवियों के प्रति हमारी भक्ति का संगम हैं। किसी भी अज्ञानी या पूर्वाग्रह से ग्रसित व्यक्ति के कहने पर अपनी जड़ों को काटना बुद्धिमानी नहीं है।
अपनी नथ को गर्व से पहनें, क्योंकि यह उस 'सनातन शक्ति' का प्रतीक हैं, जो पूरे ब्रह्मांड को संचालित करती हैं। 🌺

बुधवार, 17 दिसंबर 2025

"खासी समुदाय" सनातन परंपराओं का अटूट अंश और मातृशक्ति का जीवंत स्वरूप...⛳

मेघालय की पहाड़ियों में निवास करने वाला खासी समुदाय अपनी विशिष्ट पहचान के लिए विश्वविख्यात हैं। यदि हम उनके मूल विश्वासों और जीवन दर्शन की गहराई में जाएं, तो स्पष्ट होता है कि वे सनातन धर्म की व्यापक चेतना का ही एक अभिन्न और जीवंत अंग हैं।


मातृसत्तात्मक व्यवस्था: रामायण और महाभारत काल की प्रतिध्वनि...

खासी समुदाय की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मातृसत्तात्मक व्यवस्था है, जहाँ वंश माँ के नाम से चलता हैं। आधुनिक युग में इसे 'अलग' माना जा सकता है किंतु यदि हम रामायण और महाभारत काल में जाएं तो यह व्यवस्था पूर्णतः सनातनी प्रतीत होती हैं।
 * माता के नाम से पहचान: उस काल में वीरों और महापुरुषों की सबसे बड़ी पहचान उनकी माता ही होती थी। जैसे भगवान राम को 'कौशल्या नंदन', हनुमान जी को 'केसरी नंदन' या 'अंजनी पुत्र', अर्जुन को 'कुंती पुत्र' (कौन्तेय) और भीष्म पितामह को 'गंगा पुत्र' कहा जाता था।
 * शक्ति का सम्मान: खासी समाज में वंश का माँ से चलना वास्तव में सनातन धर्म के उसी 'शक्ति' सिद्धांत का पालन हैं, जो नारी को सृजन का आधार मानता हैं। खासी परंपरा और प्राचीन भारतीय संस्कृति दोनों ही इस बात पर सहमत हैं कि संतान की मूल पहचान उसकी जननी से होती हैं।


19वीं शताब्दी: मिशनरियों का प्रहार और धर्म परिवर्तन...

1841 के आसपास, विदेशी मिशनरियों ने खासी पहाड़ियों में प्रवेश किया। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य की आड़ में धर्म परिवर्तन का जो चक्र शुरू किया, उसने इस समुदाय की प्राचीन सनातनी कड़ियों को तोड़ने का प्रयास किया।

 * सांस्कृतिक प्रहार: मिशनरियों ने खासी समुदाय की मातृशक्ति आधारित परंपराओं और उनके प्राकृतिक पूजा विधान को 'पिछड़ा' बताकर उन्हें अपनी जड़ों से काटने का प्रयास किया। इससे हज़ारों वर्ष पुरानी एक महान सांस्कृतिक निरंतरता को गहरी क्षति पहुँची।


वर्तमान आवश्यकता: अपनी जड़ों की ओर 'गृह वापसी'

आज के बदलते परिवेश में अपनी खोई हुई पहचान को वापस पाने की एक नई लहर देखी जा रही हैं। 'गृह वापसी' धर्म का परिवर्तन नहीं..! बल्कि अपनी उस मूल आध्यात्मिक विरासत से पुनः जुड़ने की प्रक्रिया हैं, जिसे विदेशी शक्तियों ने धुंधला कर दिया था।

 * अस्तित्व की रक्षा: अपनी भाषा, लोक कथाओं और कौशल्या-नंदन जैसी गौरवशाली परंपराओं को बचाने के लिए यह आवश्यक है कि खासी समुदाय अपने मूल सनातनी स्वरूप को पुनः पहचानें...


सेंग खासी और सांस्कृतिक पुनरुत्थान...

'सेंग खासी' जैसे संगठनों और बाबू जीबन रॉय जैसे महापुरुषों ने हमेशा यह सिखाया कि खासी परंपराएं वास्तव में सनातन धर्म का ही विस्तार हैं। उन्होंने रामायण का खासी में अनुवाद कर समाज को यह याद दिलाया कि उनकी रगों में वही सांस्कृतिक रक्त प्रवाहित हो रहा हैं, जो शेष भारत में हैं।

खासी समुदाय की आत्मा आज भी उन पवित्र उपवनों और माता के प्रति अगाध सम्मान में बसती हैं, जो सनातन भारत की पहचान हैं। विदेशी मिशनरियों द्वारा थोपे गए विचारों को त्यागकर, अपनी प्राचीन जड़ों की ओर लौटना ही इस वीर समुदाय के उज्ज्वल और गौरवमयी भविष्य का एकमात्र मार्ग हैं।
                🙏🏻 जय सनातन 🕉️ जय सियाराम ⛳

शनिवार, 6 दिसंबर 2025

खोखले भ्रम से बाहर निकलिए...

कभी-कभी इंसान सत्य को जानता है, समझता भी है, पर उसे स्वीकार नहीं कर पाता..! क्योंकि सत्य "बदलने अर्थात परिवर्तन" की मांग करता है — सोच बदलने की, आदतें बदलने की और कभी-कभी खुद को बदलने की...
और बदलाव हमेशा असुविधाजनक होता हैं। इसलिए मन उस असत्य के साथ बना रहता हैं, जहाँ उसे आराम मिलता हैं... भले ही वो झूठ अस्थाई हो, खोखला हो या भ्रम हो।
इस लगाव में एक अजीब-सी सुरक्षा छिपी रहती हैं — पर ये सुरक्षा नहीं, एक तरह की मानसिक कैद हैं।

जो सत्य को देख सकता हैं, फिर भी असत्य का साथ देता हैं — वो बाहरी दुनिया से नहीं..! अपने ही मन से, स्वयं से पराजित हो चुका होता हैं।
क्योंकि सत्य कभी मजबूर नहीं करता, बस दर्पण की तरह सामने खड़ा रहता हैं।
और असत्य..? वो सुन्दर भ्रम बनकर मन को बहलाता हैं, क्योंकि सच का तेज़ प्रकाश उन सचाइयों को नग्न कर देता हैं, जिन्हें हम छुपाना चाहते हैं।
यही अंतर है — स्वतंत्र सोच और मानसिक गुलामी में...

होश और साहस वही रखते हैं, जो सत्य को देखकर उससे भागते नहीं..! बल्कि उसे स्वीकार करते हैं। क्योंकि सत्य तक पहुँचना आसान नहीं — इसमें सवाल उठते हैं, आत्मचिंतन होता हैं और कभी–कभी अपनी ही धारणाओं को तोड़ना पड़ता हैं, पर जो असत्य के मोह में जी रहा हैं, वह बस भीड़ का हिस्सा होता हैं।
सोच स्वतंत्र तभी होती हैं, जब व्यक्ति झूठ की सुविधा को छोड़कर... सत्य की कठोरता पर शांत शरण चुन लेता हैं — वहीं से असली स्वतंत्रता की शुरुआत होती हैं।

"सच देखने की ताक़त तो बहुतों के पास होती हैं,
पर उसे स्वीकार करने का साहस बहुत कम के पास,
क्योंकि वे इस तथ्य से अवगत ही नहीं कि सत्य परेशान कर सकता हैं, पर असत्य गुलाम बना देता हैं।"

अवांछित लोगों को मंदिरों में प्रवेश क्यों नहीं करने देना चाहिए..?

तुम किसी हिंदू मंदिर में गए हो तो वहां तुमने गर्भ—गृह का नाम सुना होगा। मंदिर के अंतरस्थ भाग को गर्भ कहते हैं। शायद तुमने ध्यान न दिया हो कि उसे गर्भ क्यों कहते हैं। अगर तुम मंदिर की ध्वनि का उच्चार करोगे—हरेक मंदिर की अपनी ध्वनि है, अपना मंत्र है, अपना इष्ट—देवता है और उस इष्ट—देवता से संबंधित मंत्र है—अगर उस ध्वनि का उच्चार करोगे तो पाओगे कि उससे वहां वही ऊष्णता पैदा होती है जो मा के गर्भ में पाई जाती है। यही कारण है कि मंदिर के गर्भ को मां के गर्भ जैसा गोल और बंद, करीब—करीब बंद बनाया जाता है। उसमें एक ही छोटा सा द्वार रहता है।

जब ईसाई पहली बार भारत आए और उन्होंने हिंदू मंदिरों को देखा तो उन्हें लगा कि ये मंदिर तो बहुत अस्वास्थ्यकर हैं; उनमें खिड़कियां नहीं हैं, सिर्फ एक छोटा सा दरवाजा है। लेकिन मां के गर्भ में भी तो एक ही द्वार होता है और उसमें भी हवा के आने—जाने की व्यवस्था नहीं रहती। यही वजह है कि मंदिर को ठीक मां के पेट जैसा बनाया जाता है; उसमें एक ही दरवाजा रखा जाता है। अगर तुम उसकी ध्वनि का उच्चार करते हो तो गर्भ सजीव हो उठता है। और इसे इसलिए भी गर्भ कहा जाता है क्योंकि वहां तुम नया जन्म ग्रहण कर सकते हो, तुम नया मनुष्य बन सकते हो।

अगर तुम किसी ऐसी ध्वनि का उच्चार करो जो तुम्हें प्रीतिकर है, जिसके लिए तुम्हारे हृदय में भाव है, तो तुम अपने चारों ओर एक ध्वनि—गर्भ निर्मित कर लोगे। अत: इसे खुले आकाश के नीचे करना अच्छा नहीं है। तुम बहुत कमजोर हो; तुम अपनी ध्वनि से पूरे आकाश को नहीं भर सकते। एक छोटा कमरा इसके लिए अच्छा रहेगा। और अगर वह कमरा तुम्हारी ध्वनि को तरंगायित कर सके तो और भी अच्छा। उससे तुम्हें मदद मिलेगी। और एक ही स्थान पर रोज—रोज साधना करो तो वह और भी अच्छा रहेगा। वह स्थान आविष्ट हो जाएगा। अगर एक ही ध्वनि रोज—रोज दोहराई जाए तो उस स्थान का प्रत्येक कण, वह पूरा स्थान एक विशेष तरंग से भर जाएगा; वहां एक अलग वातावरण, एक अलग माहौल बन जाएगा।

यही कारण है कि मंदिरों में अन्य धर्मों के लोगों को प्रवेश नहीं मिलता। हिंदू मंदिर केवल हिंदुओं के लिए हैं, क्योंकि हिंदू मंदिर एक विशेष स्थान है, विशेष उद्देश्य से निर्मित हुआ है। सदियों—सदियों से वे इस प्रयत्न में लगे रहे हैं कि कैसे जीवंत मंदिर बनाएं; और कोई भी व्यक्ति उसमें उपद्रव पैदा कर सकता है। और यह उपद्रव खतरनाक सिद्ध हो सकता है। मंदिर कोई सार्वजनिक स्थान नहीं है। वह एक विशेष उद्देश्य से और विशेष लोगों के लिए बनाया गया है। वह आम दर्शकों के लिए नहीं है।

यही कारण है कि पुराने दिनों में आम दर्शकों को वहां प्रवेश नहीं मिलता था। अब सब को जाने दिया जाता है; क्योंकि हम नहीं जानते हैं कि हम क्या कर रहे हैं। दर्शकों को नहीं जाने दिया जाना चाहिए; यह कोई खेल—तमाशे का स्थान नहीं है। यह स्थान विशेष तरंगों से तरंगायित है, विशेष उद्देश्य के लिए निर्मित हुआ है।

अगर यह राम का मंदिर है और अगर तुम उस परिवार में पैदा हुए हो जहां राम का नाम पूज्य रहा है, प्रिय रहा है, तो जब तुम उस मंदिर में प्रवेश करते हो जो सदा राम के नाम से तरंगायित है तो वहां जाकर तुम अनजाने, अनायास जाप करने लगोगे। वहां का माहौल तुम्हें राम—नाम जपने को मजबूर कर देगा। वहां की तरंगें तुम पर चोट करेंगी और तुम्हारे अंतस से नाम—जप उठने लगेगा।
तंत्र सूत्र, प्रवचन-29, ओशो

शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025

ईश्वर का प्रसाद है "दुःख"



जब भगवान सृष्टि की रचना कर रहे थे, तो उन्होंने जीव को कहा कि तुम्हें मृत्युलोक जाना पड़ेगा, मैं सृष्टि की रचना करने जा रहा हूँ। ये सुन जीव की आँखों में आँसू आ गए, वो बोला -"प्रभु! कुछ तो ऐसा करो कि मैं लौटकर आपके पास ही आऊँ।" भगवान को दया आ गई... उन्होंने दो कार्य किये, जीव के लिए... पहला संसार की हर चीज़ में अतृप्ति मिला दी और जीव से कहा- "तुझे दुनिया में कुछ भी मिल जाये परन्तु तू तृप्त नहीं होगा..! तृप्ति तभी मिलेगी, जब तू मेरे पास आएगा और दूसरा सभी के हिस्से में थोड़ा-थोडा दुःख मिला दिया है ताकि तू लौट कर मेरे ही पास पहुँचे। इस तरह हर किसी के जीवन में थोड़ा दुःख हैं। जीवन का दुःख या विषाद, हमें ईश्वर के पास ले जाने के लिए हैं, लेकिन हम चूक जाते हैं। हमारी समस्या क्या है कि हर किसी को दुःख आता हैं। हम भागते हैं...ज्योतिष के पास, अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के पास... कुछ होने वाला नहीं..! थोड़ी देर का मानसिक संतोष बस, यदि दुखों से घबरायें नहीं और ईश्वर का प्रसाद समझ कर आगे बढ़े तो बात बन जाती हैं। यदि हुम ईश्वर से विलग होने के दिनों को याद कर ले तो बात बन जाती हैं और जीव दुखों से भी पार हो जाता हैं। दुःख तो ईश्वर का प्रसाद हैं। दुखों का मतलब हैं, ईश्वर का बुलावा हैं। वो हमें याद कर रहा हैं। पहले भी ये विषाद और दुःख बहुत से संतो के लिए ईश्वर प्राप्ति का मार्ग बन चुका हैं। हमें ये बात अच्छे से समझनी चाहिए कि संसार में हर चीज़ में अतृप्ति है और दुःख-विषाद ईश्वर प्राप्ति का साधन हैं।
                           🙏🏻 जय श्री हरि ⛳

शनिवार, 8 नवंबर 2025

रो लो पुरुषों...

बड़ा कमज़ोर होता है 
बुक्का फाड़कर रोता हुआ आदमी 

मज़बूत आदमी बड़ी ईर्ष्या रखते हैं इस कमज़ोर आदमी से 
..................................................

सुनो लड़की 
किसी पुरुष को बेहद चाहती हो ?
तो एक काम ज़रूर करना 

उसे अपने सामने फूट फूट कर रो सकने की सहजता देना 
...................................................

दुनिया वालो 
दो लोगों को कभी मत टोकना 

एक दुनिया के सामने दोहरी होकर हंसती हुई स्त्री को 
दूसरा बिलख बिलख कर रोते हुए आदमी को 

ये उस सहजता के दुर्लभ दृश्य हैं 
जिसका दम घोंट दिया गया है 
..................................................

ओ मेरे पुरुष मित्र 

याद है जब जन्म के बाद नहीं रोये थे 
तब नर्स ने जबरन रुलाया था यह कहते हुए कि 
" रोना बहुत ज़रूरी है इसके जीने के लिए "

बड़े होकर ये बात भूल कैसे गए दोस्त ?
..............................................

रो लो पुरुषो , जी भर के रो लो 

ताकि तुम जान सको कि 
छाती पर से पत्थर का हटना क्या होता है 
...............................................

ओ मेरे प्रेम

आखिर में अगर कुछ याद रह जाएगा तो 
वह तुम्हारी बाहों में मचलती पेशियों की मछलियाँ नहीं होंगी

वो तुम्हारी आँख में छलछलाया एक क़तरा समन्दर होगा
......................................

ओ पुरुष
स्त्री जब बिखरे तो उसे फूलों-सा सहेज लेना

ओ स्त्री 
पुरूष को टूट कर बिखरने के लिए थोड़ी-सी ज़मीन देना

--------पल्लवी त्रिवेदी

[ 'तुम जहाँ भी हो' में संकलित]

मंगलवार, 23 सितंबर 2025

जो स्त्री आक्रामक होती है, वह आकर्षक नहीं होती..!

यदि कोई स्‍‍त्री तुम्हारे पीछे पड़ जाएं और प्रेम का निवेदन करने लगे तो तुम घबरा जाओगे, तुम भागोगे... क्योंकि वह स्त्री, पुरुष जैसा व्यवहार कर रही हैं; स्त्रैण नहीं हैं..! स्त्री का स्त्रैण होना ही, उसका माधुर्य हैं।
वह सिर्फ प्रतीक्षा करती हैं, तुम्हें उकसाती हैं लेकिन आक्रमण नहीं करती..! वह तुम्हें बुलाती हैं, लेकिन चिल्लाती नहीं..! उसका बुलाना भी बड़ा मौन हैं, वह तुम्हें सब तरफ से घेर लेती हैं लेकिन तुम्हें पता भी नहीं चलता..! उसकी जंजीरें बहुत सूक्ष्म हैं, वे दिखाई भी नहीं पड़तीं..! वह बड़े पतले धागों से, सूक्ष्म धागों से, तुम्हें सब तरफ से बांध लेती है लेकिन उसका बंधन कहीं दिखाई भी नहीं पड़ता..!
स्त्री अपने को नीचे रखती है, लोग गलत सोचते हैं कि पुरुषों ने स्त्रियों को दासी बना लिया। नहीं, स्त्री दासी बनने की कला हैं मगर तुम्हें पता नहीं..! उसकी कला बड़ी महत्वपूर्ण हैं और लाओत्से उसी कला का उद्‍घाटन कर रहा हैं। कोई पुरुष किसी स्त्री को दासी नहीं बनाता..! दुनियाँ के किसी भी कोने में जब भी कोई स्त्री किसी पुरुष के प्रेम में पड़ती है, तत्क्षण अपने को दासी बना लेती है, ‍क्योंकि दासी होना ही गहरी मालकियत हैं। वह जीवन का राज समझती हैं।
स्त्री अपने को नीचे रखती हैं, चरणों में रखती हैं और तुमने देखा है कि जब भी कोई स्त्री अपने को तुम्हारे चरणों में रख देती है, तब अचानक तुम्हारे सिर पर ताज की तरह बैठ जाती हैं। रखती चरणों में हैं, पहुँच जाती हैं; बहुत गहरे, बहुत ऊपर, तुम चौबीस घंटे उसी का चिंतन करने लगते हो... छोड़ देती हैं अपने को तुम्हारे चरणों में, तुम्हारी छाया बन जाती हैं और तुम्हें पता भी नहीं चलता कि छाया तुम्हें चलाने लगती हैं, छाया के इशारे से तुम चलने लगते हो...
स्त्री कभी यह भी नहीं कहती सीधा कि यह करो लेकिन वह जो चाहती हैं, करवा लेती हैं। वह कभी नहीं कहती कि यह ऐसा ही हो लेकिन वह जैसा चाहती हैं, वैसा करवा लेती हैं।
लाओत्से यह कह रहा है कि उसकी शक्ति बड़ी हैं और उसकी शक्ति क्या हैं..? क्योंकि वह दासी हैं। शक्ति उसकी यह है कि वह छाया हो गई हैं। बड़े से बड़े शक्तिशाली पुरुष स्त्री के प्रेम में पड़ जाते हैं और एकदम अशक्त हो जाते हैं। और अनजाने में ही बड़ी सहजता से उतर जाते हैं, उसके प्रेम में...